नैनीताल में ‘लंदन फॉग’ संग मानो आसमां झुक जाता हो जमीं पर


नवीन जोशी नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल को यूं ही प्रकृति का स्वर्ग नहीं कहा जाता है। हर मौसम में यह शहर विश्वस्तर के एक नये आकर्षण को लेकर आता है, और छा जाता है। ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन में तो यहां देश-दुनिया से सैलानी प्राकृतिक एयरकंडीशनर (नेचुरल एसी) सरीखे मौसम का आनंद ले ही पाते हैं, लेकिन इसके बाद भी, जब देश मानसून का इंतजार कर रहा होता है, यहां लोकल मानसून झूम के बरसने लगता है। इस दौरान यहां एक नया आकर्षण नजर आता है, जिसे नगर के अंग्रेज निर्माताओं ने अपने घर इंग्लैंड को याद कर ‘लंदन फॉग’ और ‘ब्राउन फॉग ऑफ इंग्लैंड’ नाम दिये थे।

नगर की विश्व प्रसिद्ध नैनी सरोवर के ऊपर उठता और सरोवर को छूने के लिए नीचे उतरते खूबसूरत बादलों को ‘लंदन फॉग’ कहा जाता है। इन्हें देखकर हर दिल अनायास ही गा उठता है-‘आसमां जमीं पर झुक रहा है जमीं पर’, और ‘लो झुक गया आसमां भी…’।

नगर के वयोवृद्ध नागरिक एवं पूर्व म्युनिसिपल कमिश्नर गंगा प्रसाद साह कहते हैं, 1841 में जब अंग्रेज निर्माताओं ने इस शहर में बसना शुरू किया होगा तो उन्हें यहां बरसात के दिनों में उठने वाले कोहरे और धरती पर उतरते बादलों ने इस शहर के प्राकृतिक सौंदर्य और हरीतिमा की परिपूर्णता के साथ उनके घर ‘बिलायत’ की याद दिला दी होगी। तभी उन्होंने इस शहर को अपने घर की तर्ज पर ‘छोटी बिलायत’ नाम और यहां के कोहरे को ‘लंदन फॉग’ नाम दिया होगा। साह बताते हैं कि नगर में कोहरे के लिए ‘लंदन फॉग’ और ‘ब्राउन फॉग ऑफ इंग्लैंड’ नाम सामान्य तौर पर प्रयोग किये जाते हैं, और इस एक अनूठी खूबसूरती के लिए भी नगर की वैश्विक पहचान है।
इस मौसम में यहां बादलों के फाहों का पल भर में दूर से पास तक आना, और पास की प्रकृति के साथ खुद को भी छुपा लेना, तथा खासकर नैनी झील को मानो छूने को आतुर होते हुए आना और फिर एकाएक गायब भी हो जाना बेहद दिलकश तो लगता ही है, दिल को सुकून भी दे जाता है। लगता है घंटों ऐसे स्वर्ग सरीखे प्राकृतिक दृश्यों को देखा जाए।
वहीं इस दौरान होने वाली बारिस भी बड़ी मनमोहक होती है। बारिस की बूंदें दूर से हवाओं के साथ आती हुई नजर आती हैं। कई बार पास आकर तन के साथ मन को भी भिगो जाती हैं, तो कई बार करीब से भी यूं तरसा कर दूर निकल जाती हैं, मानो कहती हों-मुझे चाहते हो तो मेरे पास आओ भी। मुझे छूने को कुछ ता यत्न करो।

इंग्लैंड में प्रदूषित धुएं को कहते हैं ‘लंदन फॉग’

नैनीताल। भले अंग्रेजों ने नैनीताल के कोहरे को अपने घर के ‘लंदन फॉग’ और ‘ब्राउन फॉग ऑफ इंग्लैंड’ नाम दिये हों, लेकिन यह भी तथ्य है कि लंदन में ‘लंदन फॉग’ और ‘ब्राउन फॉग ऑफ इंग्लैंड’ प्राकृतिक सुंदरता के नहीं वरन प्रदूषित धुंए के नाम हैं। बताया जाता है कि 19वीं सदी के मध्य तक इंग्लैंड में तेजी से औद्योगिकीकरण हुआ और इस दौरान उद्योगों और घरों में ईधन के लिए लकड़ी व कोयले को ही प्रयोग किया जाता था। ऐसे में इंग्लैंड की पहचान दूर से देखने पर फैक्टरियों व घरों की चिमनियों से भारी मात्रा में उठने वाले धुंए के भूरे बवंडर से होती थी, इसे ही ‘लंदन फॉग’ और ‘ब्राउन फॉग ऑफ इंग्लैंड’ तथा लंदन को ‘फॉग सिटी’ भी कहा जाता था। हाल के वर्षों में लंदन ने खुद से ‘फॉग सिटी’ नाम की पहचान हटा ली है।